निवाड़ी। संभागायुक्त सागर श्री दिलीप कुमार ने निवाड़ी प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभागीय कार्यों में लापरवाही और उदासीनता सामने आने पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने तथा दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) निवाड़ी श्री विकास गुप्ता के प्रति सख्त रुख अपनाया।
संभागायुक्त श्री दिलीप कुमार ने कार्यों में लापरवाही बरतने और अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने के मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विशेष रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कार्य संवेदनशील होने के कारण इनकी लगातार निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। संभागायुक्त ने कहा कि शासकीय दायित्वों में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

