

निवाड़ी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 26 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. यतेंद्र सिंह, फार्मासिस्ट एजाज अहमद, लैब टेक्नीशियन दीपक रावत तथा ICTC परामर्शदाता अमिता किरण चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करने के साथ ही विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
एचआईवी/एड्स को लेकर किया जागरूक
शिविर के दौरान ICTC परामर्शदाता द्वारा विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, इससे जुड़ी भ्रांतियों तथा समय पर जांच और परामर्श के महत्व के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि एचआईवी/एड्स को लेकर सही एवं वैज्ञानिक जानकारी हासिल करना और अनावश्यक भ्रांतियों से बचना जरूरी है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य को लेकर प्राचार्य ने किया जागरूक
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मो. नसीम खान ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रो. विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. जे.आर. अहिरवार, प्रो. अमित पाण्डेय, एनएसएस जिला समन्वयक प्रो. संतोष राजक, प्रो. शिवकरण प्रजापति, प्रो. महिपाल सिंह, डॉ. प्रदीप अवस्थी, प्रो. उषा त्रिपाठी एवं प्रो. ऋषिकेश राजपूत सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

