देश में आगामी जनगणना को लेकर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से लोग अपने घर बैठे मोबाइल से जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जागरूकता वीडियो में बताया गया है कि देश के करोड़ों परिवारों की जानकारी जनगणना के माध्यम से दर्ज की जानी है। नागरिकों की सुविधा के लिए यह प्रक्रिया 16 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन स्व-गणना के लिए नागरिकों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाना होगा।
वीडियो के अनुसार ऑनलाइन प्रक्रिया में मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद स्थान की जानकारी दर्ज करने, आवास संबंधी जानकारी भरने और जनगणना से जुड़ी जानकारी सबमिट करने जैसे चरण पूरे करने होंगे। पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लग सकता है और इसके लिए किसी दस्तावेज को अपलोड करने की आवश्यकता नहीं बताई गई है।
वीडियो में नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी और अपने परिवार की सही जानकारी दर्ज कर जनगणना में सहयोग करें। जनगणना में दर्ज होने वाली जानकारी देश के भविष्य की योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अपील: अपनी सही जानकारी दर्ज करें और देश की जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

