
निवाड़ी। आमजन की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध निराकरण को लेकर जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित जनसुनवाई सभागार में अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचे। अपर कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पृथ्वीपुर के आवेदकों से भी किया सीधा संवाद
इसी दौरान पृथ्वीपुर में आयोजित खंडस्तरीय जनसुनवाई में मौजूद आवेदकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद किया गया। अपर कलेक्टर ने वहां प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई कर आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराई जाए।
केवल औपचारिकता न बने जनसुनवाई
अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए। प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, उनमें जांच प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शिकायत का निराकरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्राप्त आवेदनों की नियमित निगरानी करते हुए लंबित प्रकरणों पर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निराकरण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर अनिल कुमार तलैया, डिप्टी कलेक्टर मनीषा जैन, सीईओ जनपद पंचायत निवाड़ी श्रीमती वंदना कैथल, डीएसओ श्रीमती सपना सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

