नुक्कड़ नाटक के जरिए गूंजा जनसेवा का संदेश, ‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ ने किया जागरूक

नुक्कड़ नाटक के जरिए गूंजा जनसेवा का संदेश, ‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ ने किया जागरूक
निवाड़ी एवं तरीचरकलां में कलाकारों ने संवाद, अभिनय और गीतों के माध्यम से समझाई सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की अहमियत

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार को निवाड़ी विकासखंड के निवाड़ी एवं तरीचरकलां में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने ‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य जनसामान्य को सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। कलाकारों ने संवाद, अभिनय एवं गीतों के माध्यम से संदेश को रोचक और सहज तरीके से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय में पहली प्रस्तुति
नुक्कड़ नाटक की पहली प्रस्तुति अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय, निवाड़ी परिसर में हुई। यहां विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने कलाकारों की प्रस्तुति को रुचि के साथ देखा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से सकारात्मक बदलाव संभव है।
तरीचरकलां में भी जुटे नागरिक
इसके बाद दूसरी प्रस्तुति नगर परिषद तरीचरकलां में आयोजित की गई। यहां भी स्थानीय नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया। कलाकारों ने जनसेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों को सहज भाषा में प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, डॉ. नंदकिशोर नापित, बृजेंद्र पाल, मंगेश रमपुरिया, महेश झारखड़िया, कमलेश चौरसिया सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।