

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ‘भारतीय हारमोनिका महोत्सव-2026’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के 16 राज्यों से पहुंचे 180 हारमोनिका वादकों का अभिनंदन किया और संगीत की इस अनूठी विधा से जुड़े कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संगीत सुरों का संगम होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संगीत विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और संस्कृतियों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि ‘भारतीय हारमोनिका महोत्सव’ देशभर से आए संगीत साधकों का ऐसा संगम है, जहां अलग-अलग सुर एक सूत्र में पिरोए जा रहे हैं। यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी अभिव्यक्त करता है।
महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए हारमोनिका वादकों की सहभागिता को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर संगीत की समृद्ध परंपरा का विस्तार होते देखना गौरव और आनंद का विषय है।
उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन देश की विविधता, कला और संगीत की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

