सेवा और साहित्य को समर्पित रहा राम प्रकाश द्विवेदी का जीवन, पुण्यतिथि पर साहित्यकार-पत्रकार हुए सम्मानित

सेवा और साहित्य को समर्पित रहा राम प्रकाश द्विवेदी का जीवन, पुण्यतिथि पर साहित्यकार-पत्रकार हुए सम्मानित

निवाड़ी। सहकारिता विभाग में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पद से सेवानिवृत्त स्वर्गीय पंडित राम प्रकाश द्विवेदी, जिन्हें नगर में स्नेहपूर्वक ‘पापा जी’ के नाम से जाना जाता था, की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जनपद पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिले के साहित्यकारों, कवियों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम साहित्यकार एमएस श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य तथा वीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. सुरेश तिवारी, ओमप्रकाश खरे एवं शिवकुमार सागर ‘मामा’ के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय राम प्रकाश द्विवेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया।
इसके बाद स्वर्गीय द्विवेदी के पुत्र बृजेश द्विवेदी, पुष्पेश द्विवेदी एवं हृदय द्विवेदी सहित परिवार के सदस्यों ने मंचासीन अतिथियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री नारायण रिछारिया ‘दादा’, ओमप्रकाश खरे सहित नगर के वरिष्ठजनों ने स्वर्गीय राम प्रकाश द्विवेदी के जीवन और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि वे कर्तव्यनिष्ठा, लगनशीलता और ईमानदारी के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। सहकारिता विभाग में शासकीय सेवा के दौरान उन्होंने जरूरतमंदों की मदद के साथ ही नगरवासियों के हित में भी कार्य किए।
कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे साहित्यकारों एवं कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वर्गीय राम प्रकाश द्विवेदी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस दौरान स्वर्गीय राम प्रकाश द्विवेदी के परिवारजनों द्वारा जिले के साहित्यकारों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप श्रीवास्तव एवं देवेंद्र वर्मा ने किया। समापन अवसर पर परिवारजनों ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया