
निवाड़ी। जनगणना में ओबीसी वर्ग की जातिगत संख्या के स्पष्ट एवं प्रमाणिक आंकड़े दर्ज किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय पर ओबीसी महासभा द्वारा प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से ओबीसी महासभा ने मांग की कि जनगणना में ओबीसी वर्ग की जातिगत गणना स्पष्ट एवं प्रमाणिक रूप से की जाए। प्रत्येक ओबीसी जाति का नाम और उसकी वास्तविक संख्या दर्ज करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। महासभा ने ओबीसी वर्ग के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी प्रावधान किए जाने की भी मांग रखी।
महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना में सभी सामाजिक वर्गों की वास्तविक जनसंख्या के प्रमाणिक आंकड़े दर्ज किए जाना आवश्यक है। इन आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय एवं नीतिगत विषयों पर तथ्य आधारित चर्चा और निर्णय लिए जा सकेंगे।
इस दौरान ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष दीनदयाल कुशवाहा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव, हरचरण कुशवाहा, गंगाराम कुशवाहा, श्रीमती गणेशी कुशवाहा, डॉ. प्रीतम सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं महासभा के सदस्य मौजूद रहे।

