

निवाड़ी। मध्यप्रदेश के इंदौर से प्रसारित होने वाले बुंदेलखण्ड 24×7 न्यूज चैनल द्वारा संस्थान से जुड़े रिपोर्टरों की प्रतिभा और कार्यक्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा आधारित प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टरों द्वारा प्रकाशित खबरों की पहुंच एवं प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। चयनित विजेताओं को मेडल, सम्मान पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 1,100 रुपये निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता में निवाड़ी के पत्रकार एवं बुंदेलखण्ड 24×7 के रिपोर्टर कमल सोनी ने तृतीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
कमल सोनी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर निवाड़ी विधायक अनिल जैन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया द्वारा करवा चौथ के अवसर पर दोपहिया वाहन चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए जाने से संबंधित खबर प्रकाशित की गई थी। इस खबर को सोशल मीडिया पर करीब 3 लाख 30 हजार लोगों ने देखा, जिसके आधार पर कमल सोनी को प्रतियोगिता में तृतीय विजेता घोषित किया गया।
चैनल प्रबंधन द्वारा कमल सोनी को 1,100 रुपये की नगद पुरस्कार राशि, मेडल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चैनल प्रबंधन ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ललितपुर के इमरान मंसूरी तथा द्वितीय पुरस्कार पथरिया, दमोह के सलमान खान को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में सम्मानित पत्रकारों ने अपनी उपलब्धि पर बुंदेलखण्ड 24×7 न्यूज चैनल परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पत्रकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही खबरों को अधिक प्रभावी और व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

