मध्यप्रदेश में 1,500 से अधिक पदों पर होंगी भर्तियां, 600 उपनिरीक्षकों की भी होगी नियुक्ति: सीएम डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश में 1,500 से अधिक पदों पर होंगी भर्तियां, 600 उपनिरीक्षकों की भी होगी नियुक्ति: सीएम डॉ. मोहन यादव
85 हजार नियुक्तियां दे चुकी सरकार, अगले साल 1 लाख भर्तियों का लक्ष्य

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष विभिन्न विभागों में 1,500 से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इनमें 600 उपनिरीक्षक (SI) के पद भी शामिल हैं। सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 85 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य अगले वर्ष 1 लाख भर्तियां करने का है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को गति देने के साथ ही युवाओं को सरकारी सेवाओं में अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष फोकस है।
समय पर पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल नई भर्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण को भी प्राथमिकता दे रही है। सभी विभागों में कर्मचारियों की समय पर पदोन्नति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का भी समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर देने के साथ-साथ शासकीय व्यवस्था में कार्यरत कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का समय पर समाधान करना है। आगामी समय में भर्ती, पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।