


निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
आयुष विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओरछा, शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैगुवां, शासकीय हाई स्कूल जेरा, शासकीय विद्यालय बम्होरी शीतल, कन्या विद्यालय निवाड़ी सहित ग्राम पंचायत थौना, चौमो, तरीचर, लड़वारी एवं सेंदरी में शिविर आयोजित किए गए।
जांच के बाद निःशुल्क वितरित की गईं आयुष औषधियां
शिविरों में आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों, महिलाओं एवं बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच के बाद रोग के अनुसार आवश्यक आयुष औषधियां भी निःशुल्क वितरित की गईं। चिकित्सकों ने नागरिकों को मौसम के अनुरूप आहार-विहार अपनाने, संतुलित भोजन लेने और स्वस्थ दिनचर्या बनाए रखने की सलाह दी।
योगाभ्यास से बताए स्वस्थ जीवन के फायदे
स्वास्थ्य शिविरों के दौरान नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों को योगाभ्यास भी कराया गया। आयुष विभाग की टीम एवं योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग अभ्यास कराते हुए नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। लोगों को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छ पानी और पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक
शिविरों में नागरिकों को स्वच्छ पेयजल का सेवन करने, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन लेने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए खान-पान और दिनचर्या में आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
आयुष विभाग के इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जहां ग्रामीणों एवं आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला, वहीं आयुष चिकित्सा पद्धति, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।

