नशे के खिलाफ 700 विद्यार्थियों ने बुलंद की आवाज, शपथ लेकर दिया नशा मुक्त समाज का संदेश

नशे के खिलाफ 700 विद्यार्थियों ने बुलंद की आवाज, शपथ लेकर दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
ओरछा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता रैली, योग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

ओरछा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता रैली, योग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
निवाड़ी/ओरछा। नशा मुक्ति सप्ताह एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल ओरछा में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान करीब 700 विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला निवाड़ी के सहयोग तथा आर.एस. शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में 2 से 8 अक्टूबर तक नशा मुक्ति सप्ताह मनाया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्कूली बच्चों एवं श्रीरामराजा वृद्धाश्रम ओरछा के वृद्धजनों द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता रैली के साथ की गई थी।
विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
आयुष विभाग की डॉ. रजनी खरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इसलिए उनका स्वस्थ और नशामुक्त रहना बेहद जरूरी है। नशे के कारण परिवारों पर आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी विपरीत प्रभाव पड़ रहे हैं।
योग के जरिए बताए स्वस्थ जीवन के उपाय
आयुष विभाग के नोडल आयुष अधिकारी श्री अरविंद साहू ने विद्यार्थियों के लिए योगाभ्यास कराया। इस दौरान ताड़ासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रातःकाल हंसने की विधि एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नियमित योग और सकारात्मक दिनचर्या अपनाकर नशे जैसी बुरी प्रवृत्तियों से दूर रहा जा सकता है।
चित्रों के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं ज्योति साहू एवं रिचा के मार्गदर्शन में चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान और नशामुक्त समाज का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. गुप्ता के कक्ष में नशा मुक्ति संबंधी पोस्टर भेंट किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को नशामुक्त रखने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप स्वर्णकार, जितेंद्र सिंह, मोहित गुप्ता, सुनील शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं आर.एस. शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव श्री राकेश पचौरी ने किया, जबकि आभार श्री शैलेंद्र त्रिपाठी ने व्यक्त किया। अंत में विद्यार्थियों को फल एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया।