सीएम यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं से बोले मुख्यमंत्री, इनोवेशन को मिलेगा नया मंच

सीएम यूथ कॉन्क्लेव में युवाओं से बोले मुख्यमंत्री, इनोवेशन को मिलेगा नया मंच
‘मध्यप्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल पर पंजीयन का शुभारंभ, विशेष प्रदर्शनी का किया अवलोकन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ में प्रदेश के युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘मध्यप्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल पर पंजीयन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार लगातार नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की क्षमता का उपयोग प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विकास पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न नवाचारों और तकनीकी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए युवाओं को नई तकनीकों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति ने बांधा समां
सीएम यूथ कॉन्क्लेव में सुप्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से युवाओं में उत्साह और उमंग भर दी। उनकी प्रस्तुतियों पर युवाओं ने जमकर उत्साह व्यक्त किया और कार्यक्रम का माहौल संगीतमय हो गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति मध्यप्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, तकनीक, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए।