सेवा मेरा योगदान अभियान: पृथ्वीपुर में नेत्र शिविर, 134 लोगों की जांच, 63 को बांटे निःशुल्क चश्मे

सेवा मेरा योगदान अभियान: पृथ्वीपुर में नेत्र शिविर, 134 लोगों की जांच, 63 को बांटे निःशुल्क चश्मे
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का भी हुआ शुभारंभ, बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की दवा

पृथ्वीपुर। सेवा मेरा योगदान अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पृथ्वीपुर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया। इसी दौरान राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराया गया।
शिविर के दौरान कुल 134 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। इनमें 45 पुरुष एवं 30 महिलाएं शामिल रहीं। नेत्र परीक्षण के बाद जरूरतमंद 35 बुजुर्गों एवं 28 महिलाओं को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से लोगों को निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ दृष्टि सुधार के लिए चश्मों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि कमलेश जैन, नगर परिषद पृथ्वीपुर अध्यक्ष श्रीमती नीलू केशव खटीक, राजेश साहू, बबलू भारती, दीपक चौबे एवं सुधीर सोनी अतिथि के रूप में मौजूद रहे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र निरंजन, डॉ. राहुल गुप्ता एवं वीर प्रसाद वर्मा ने अतिथियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर राजेश साहू ने उपस्थित लोगों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
वहीं कमलेश जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का हिस्सा है।
बच्चों को खिलाई एल्बेंडाजोल की दवा
नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया। इस दौरान बच्चों और अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र निरंजन ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड प्रबंधक अमित श्रीवास्तव ने किया।