वरिष्ठजनों को डिजिटल बैंकिंग का दिया प्रशिक्षण, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके

वरिष्ठजनों को डिजिटल बैंकिंग का दिया प्रशिक्षण, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में आयोजित हुए डिजिटल साक्षरता कैंप

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में वरिष्ठजनों के लिए डिजिटल साक्षरता कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कैंप के दौरान वरिष्ठजनों को डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन, एटीएम सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। बैंकिंग सेवाओं को डिजिटल माध्यम से आसानी से संचालित करने के साथ ही ऑनलाइन लेन-देन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस दौरान वरिष्ठजनों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूक करते हुए बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी, पासवर्ड तथा अन्य डिजिटल बैंकिंग विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी से सतर्क रहने के लिए भी समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन डिजिटल साक्षरता कैंपों का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठजनों को बदलती डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना, उन्हें तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे वरिष्ठ नागरिक डिजिटल वित्तीय सेवाओं का अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से उपयोग कर सकेंगे