



निवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को निवाड़ी जिले में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 के खेल मैदान से शुरू हुई यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता कर सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर देश की विविधता, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देखा और सुना।
हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिले लाभों के अनुभव भी साझा किए। छात्रावास की छात्रा निशा कुशवाहा ने बताया कि शासन की योजनाओं से विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी प्रदान की गई। स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ उनकी मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान देती हैं।
हाथों में सेवा ज्योति लेकर निकले जनप्रतिनिधि और नागरिक
मुख्य कार्यक्रम के बाद राज्यसभा सांसद महेश केवट, विधायक निवाड़ी अनिल जैन, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, जनपद पंचायत निवाड़ी अध्यक्ष श्रीमती निरंजना जैन, नगर परिषद निवाड़ी अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, नगर परिषद पृथ्वीपुर अध्यक्ष श्रीमती नीलू खटीक, श्रीमती हेमा बुखारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हाथों में सेवा ज्योति लेकर ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ यात्रा में सहभागिता की। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
निवाड़ी और पृथ्वीपुर विकासखंड में पहुंची यात्रा
निवाड़ी विकासखंड की यात्रा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 के खेल मैदान से रवाना होकर नगर पंचायत तरीचर कला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। वहीं पृथ्वीपुर विकासखंड के लिए निकली यात्रा निवाड़ी से रवाना होकर स्व. अमर सिंह राठौर स्टेडियम, पृथ्वीपुर पहुंची।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और जनभागीदारी के माध्यम से सुशासन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीएम अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर अनिल कुमार तलैया, सुश्री मनीषा जैन, सुश्री स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

