रस्साकसी में दिखा खिलाड़ियों का दमखम, फिट इंडिया के संदेश के साथ प्रतियोगिता संपन्न

रस्साकसी में दिखा खिलाड़ियों का दमखम, फिट इंडिया के संदेश के साथ प्रतियोगिता संपन्न
सेवा संकल्प अभियान के तहत बालक-बालिकाओं ने उत्साह से लिया हिस्सा, विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान

निवाड़ी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शासकीय उच्चतर उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, निवाड़ी में बालक एवं बालिका वर्ग की रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में निवाड़ी विकासखंड के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. अमित वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाकर खेल मैदान से जुड़ने और प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने का आह्वान किया।
डॉ. वर्मा ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य नागरिकों को दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों एवं खेलों को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। नियमित व्यायाम से व्यक्ति सक्रिय और स्वस्थ रहने के साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव की दिशा में भी कदम बढ़ा सकता है। उन्होंने फिटनेस को सरल, आनंददायक और सभी के लिए सुलभ बनाने पर जोर दिया।
विद्यालय के प्राचार्य आर.डी. वर्मा ने कहा कि नियमित फिटनेस गतिविधियों से शरीर के साथ-साथ मस्तिष्क भी मजबूत होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता देने के साथ स्वदेशी एवं पारंपरिक खेलों को अपनाने की अपील की।
रस्साकसी प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अमित वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निवाड़ी ब्लॉक समन्वयक मनीष सोनी, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती ज्योति परमार, खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर की कोच निशा वैंश, विद्यालय से चंद्रभान, प्रभारी पीटीआई सुरेंद्र कुमार वर्मा सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक मनीष सोनी ने किया।