
निवाड़ी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत 9 अक्टूबर को जनपद निवाड़ी के ग्राम लडवारी में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं विभिन्न समस्याओं का मौके पर निराकरण करने की कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीमें गांव में संचालित विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगी। अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्र, शासकीय विद्यालय, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, उचित मूल्य दुकान सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे।
निरीक्षण के दौरान संस्थाओं में साफ-सफाई, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सामने आने वाली समस्याओं एवं कमियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण एवं शिविर से संबंधित प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

