त्योहारों पर सुरक्षा, सफाई और बिजली व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बनाई रणनीति

त्योहारों पर सुरक्षा, सफाई और बिजली व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बनाई रणनीति
शांति समिति की बैठक में लिए गए सुझाव, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और मंदिरों की व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

निवाड़ी। आगामी नवदुर्गा महोत्सव, दुर्गा नवमी, दशहरा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, दीपावली एवं गोवर्धन पूजा को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा समिति के सदस्यों से सुझाव लिए गए।
बैठक में मंदिरों के पुजारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणमान्य नागरिक तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। नवदुर्गा महोत्सव के दौरान देवी प्रतिमाओं की स्थापना, दर्शन व्यवस्था और विसर्जन को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी।
देवी मंदिरों पर तड़के से तैनात रहेगा महिला पुलिस बल
नवदुर्गा महोत्सव के प्रथम दिन से बड़ी देवी माता मंदिर एवं छोटी देवी माता मंदिर पर सुबह 4 बजे से महिला पुलिस बल की तैनाती का निर्णय लिया गया। मंदिरों में महिलाओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बड़ी देवी माता मंदिर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था रखने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा जिले के प्रमुख देवी मंदिरों अछरू माता मंदिर, गिद्धवाहिनी माता मंदिर, तारा माई मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भीड़ और सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर दिए सुझाव
दशहरा पर्व पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण सुझाव आए। जिला विकास समिति के अध्यक्ष नरेंद्र खरे ने सुझाव दिया कि नगर में स्थापित होने वाली सभी दुर्गा प्रतिमाओं को एक स्थान पर बड़ी फील्ड में एकत्र कर वहां से निर्धारित व्यवस्था के तहत सामूहिक रूप से विसर्जन के लिए ले जाया जाए।
उन्होंने जिला मुख्यालय से जुड़े जिला स्तरीय आयोजनों को निवाड़ी में आयोजित किए जाने का सुझाव भी दिया। साथ ही ओरछा में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय रामलीला को निवाड़ी में आयोजित किए जाने की बात रखी।
पंडालों में अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने की अपील
बैठक में दुर्गा समितियों से अपील की गई कि वे पंडालों के लिए अनिवार्य रूप से अस्थायी बिजली कनेक्शन लें। पंडालों को बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी पर लगाने तथा विद्युत सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। इसके साथ ही दशहरा के दिन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार करने की अपील की गई।
शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे : एसपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया ने कहा कि निवाड़ी भगवान श्री राम राजा सरकार की नगरी है। नवदुर्गा महोत्सव सहित आगामी सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान नगर में साफ-सफाई, पर्याप्त बिजली व्यवस्था के साथ सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, अपर कलेक्टर इकबाल सिंह, अनुविभागीय अधिकारी अशोक सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिरों के पुजारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।