कांग्रेस का काला दिवस: काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

कांग्रेस का काला दिवस: काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
जंतर-मंतर प्रदर्शन में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से कथित बर्बरता के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

निवाड़ी। जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ कथित बर्बरता के विरोध में गुरुवार को निवाड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता जिला मुख्यालय स्थित गांधी चबूतरे पर एकत्र हुए। यहां सभी ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला लेकर बाजार में प्रदर्शन किया और “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पुलिस द्वारा बर्बरता की गई। इसी के विरोध में निवाड़ी कांग्रेस ने काला दिवस मनाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव, जिला उपाध्यक्ष अनूप बडोनिया, नरेंद्र खरे, रमेश निराला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।