पत्थर पर बैठकर सुनी आदिवासियों की पीड़ा, विधायक ने मौके पर कराया समस्याओं का समाधान

पत्थर पर बैठकर सुनी आदिवासियों की पीड़ा, विधायक ने मौके पर कराया समस्याओं का समाधान
सेवा ज्योति यात्रा में तरीचरकलां की आदिवासी बस्ती पहुंचे विधायक अनिल जैन, अधिकारियों को दिए तत्काल निराकरण के निर्देश

तरीचरकलां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में निकाली जा रही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत निवाड़ी जिले में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विधायक अनिल जैन तरीचरकलां की आदिवासी बस्ती में पहुंचे और लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
विधायक अनिल जैन ने आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचकर किसी औपचारिक मंच के बजाय पत्थर पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी परेशानियों को समझा। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के तत्काल निराकरण की पहल की। विधायक के इस अंदाज से आदिवासी बस्ती में मौजूद लोगों में खुशी नजर आई।
ग्रामीणों ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं उनके बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनता है और उनके निराकरण के लिए तत्काल प्रयास करता है तो इससे शासन और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है। ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के बीच बैठकर उनकी बात सुनना और समस्याओं का समाधान कराना ही जनसेवा की भावना को सार्थक करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित किए जाने के संदर्भ में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा के दौरान विधायक अनिल जैन का आदिवासी बस्ती में पहुंचना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय रहा। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा भी दिलाया।