
निवाड़ी। नवदुर्गा महोत्सव को देखते हुए नगर में बिजली विभाग ने विद्युत तारों के रखरखाव का कार्य शुरू कर दिया है। नगर की पुरानी बस्ती की संकरी गलियों में फैले बिजली के तारों की मरम्मत की जा रही है। कई स्थानों पर पुराने तारों में कट लगे होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में त्योहार के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग द्वारा तारों की टेपिंग सहित अन्य आवश्यक मेंटेनेंस कार्य किए जा रहे हैं।
नगर में नवदुर्गा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विभिन्न स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पंडाल सजाए जा रहे हैं। पुरानी बस्ती सहित नगर के कई इलाकों में बिजली के तार गलियों के ऊपर से निकले हुए हैं। तारों के पुराने होने और कई स्थानों पर उनकी स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पंडालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। इसे देखते हुए बिजली विभाग द्वारा विद्युत लाइनों का रखरखाव किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
बिजली के तारों से दूर बनाए जाएं पंडाल
बिजली विभाग ने नवदुर्गा महोत्सव के दौरान देवी प्रतिमाओं की स्थापना करने वाली समितियों से अपील की है कि वे पंडाल बिजली के तारों से पर्याप्त दूरी पर ही लगाएं। पंडालों की सजावट करते समय भी इस बात का ध्यान रखा जाए कि कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य वस्तुएं बिजली के तारों के संपर्क में न आएं। इसके साथ ही पंडालों में बिजली का उपयोग करने के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है, ताकि बिजली का उपयोग सुरक्षित तरीके से किया जा सके।
1500 रुपये धरोहर राशि जमा कर मिलेगा अस्थाई कनेक्शन
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप निरंजन ने नवदुर्गा महोत्सव के दौरान अस्थाई विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि देवी पंडाल के लिए अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने पर 1500 रुपये धरोहर राशि के रूप में जमा करने होंगे। इसके बाद तत्काल अस्थाई कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सकता है। बिजली की खपत के अनुसार मीटर में दर्ज रीडिंग के आधार पर विद्युत बिल लिया जाएगा।
पुराने तारों से बनी रहती है दुर्घटना की आशंका
नगर में बिजली के तारों का जाल फैला हुआ है। विशेषकर पुरानी बस्ती की संकरी गलियों में बिजली के तार काफी पुराने हैं। कई स्थानों पर तारों की स्थिति खराब होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नवदुर्गा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी पंडालों में दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली के तारों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।
बिजली विभाग द्वारा तारों का मेंटेनेंस कर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, देवी पंडाल स्थापित करने वाली समितियों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि धार्मिक आयोजन के दौरान बिजली से संबंधित किसी भी दुर्घटना को रोका जा सके। त्योहार के उल्लास के बीच सुरक्षा का ध्यान रखना विभाग के साथ-साथ आयोजन समितियों की भी जिम्मेदारी है।

