

निवाड़ी। सेवा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद पंचायत निवाड़ी की समस्त ग्राम पंचायतों में 8 अक्टूबर 2026 को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों, कुओं, हैंडपंपों सहित अन्य जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में तालाबों के घाटों एवं आसपास फैली झाड़ियों, कचरे और प्लास्टिक की सफाई की गई। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से हैंडपंपों और कुओं के आसपास जमा गंदगी एवं जलभराव को हटाया गया। स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।
जनभागीदारी से चला स्वच्छता अभियान
अभियान में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत पंचायत प्रतिनिधियों, सचिवों, रोजगार सहायकों, स्वच्छता दूतों और ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान किया। सामूहिक प्रयासों से जल स्रोतों के आसपास सफाई कर ग्रामीणों को अपने गांव को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल स्रोतों की नियमित सफाई करने, उनमें कचरा एवं प्लास्टिक नहीं डालने तथा पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और सामुदायिक सहभागिता से प्राकृतिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।

