
निवाड़ी। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन निवाड़ी द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। स्टेशन रोड स्थित विवेकानंद सभागार (ऑडिटोरियम) में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में निवाड़ी विकासखंड के 161 जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शिक्षण सामग्री प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।
शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला : विधायक अनिल जैन
कार्यक्रम में निवाड़ी विधायक अनिल जैन ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विधायक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है। जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहें बच्चे : कलेक्टर जमुना भिड़े
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद विद्यार्थी आवश्यक संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना उनके शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के पालकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित पढ़ाई पर ध्यान दें तथा उन्हें बेहतर मार्गदर्शन देकर उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करें।
शिक्षण सामग्री पाकर खिले बच्चों के चेहरे
जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत निवाड़ी विकासखंड के कुल 161 जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त होने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के पालक और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, डॉ. नंदकिशोर नापित, मंगेश रमपुरया, विवेक सिंह तोमर, बगलेश चौरसिया और पुष्पेन्द्र प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला परियोजना समन्वयक फूलसिंह दिनकर, सहायक परियोजना समन्वयक सतीश अहिरवार, बीआरसीसी जनपद शिक्षा केंद्र निवाड़ी बीरप्रताप सिंह दांगी तथा समस्त सीएससी और जिला शिक्षा केंद्र निवाड़ी का स्टाफ भी कार्यक्रम में शामिल हुआ। अंत में सहायक परियोजना समन्वयक आर.के. अहिरवार ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

