
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां जनता अपने मताधिकार की ताकत से राजनीतिक दलों को सरकार और विपक्ष में बैठाती है। ऐसे में विपक्ष की भी जिम्मेदारी है कि वह अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए जनादेश का सम्मान करे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके साथी बार-बार देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, लेकिन उसे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप करना चाहिए।
कांग्रेस के रुख पर उठाए सवाल
डॉ. मोहन यादव ने SIR की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां इस प्रक्रिया को सही माना जाता है, जबकि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार नहीं है, वहां इसे गलत ठहराया जाता है। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताते हुए निंदनीय करार दिया।
तथ्यों और जनविश्वास से मजबूत होता है लोकतंत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि तथ्यों और जनता के विश्वास से सुनिश्चित होती है। उन्होंने विपक्ष से लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करने और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।

