
ओरछा। मध्यप्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को करीब से जानने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट में शामिल होने आए डेलीगेट्स ने ऐतिहासिक नगरी ओरछा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने यहां की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, ग्रामीण पर्यटन और बुंदेली लोक संस्कृति का अनुभव प्राप्त किया। भ्रमण के दौरान डेलीगेट्स ने ओरछा के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को भी करीब से जाना।
हेलीकॉप्टर राइड से देखा ओरछा का विहंगम दृश्य
ओरछा भ्रमण के दौरान डेलीगेट्स ने हेलीकॉप्टर राइड का आनंद लिया। आसमान से उन्होंने ओरछा और आसपास के क्षेत्रों के प्राकृतिक सौंदर्य तथा ऐतिहासिक परिदृश्य को निहारा। इस अनुभव के माध्यम से उन्हें क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं और प्राकृतिक आकर्षणों को एक अलग नजरिए से देखने का अवसर मिला।
लाड़पुरा खास में जाना ग्रामीण पर्यटन का मॉडल
ओरछा भ्रमण के बाद डेलीगेट्स का दल लाड़पुरा खास गांव पहुंचा। यहां उन्होंने ग्रामीण होमस्टे की अवधारणा, स्थानीय जीवनशैली और ग्रामीण पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। डेलीगेट्स ने होमस्टे में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और ग्रामीण परिवेश में पर्यटकों को उपलब्ध कराए जाने वाले अनुभवों को समझा।
इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। बुंदेली लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्थानीय लोगों के आत्मीय आतिथ्य ने डेलीगेट्स को विशेष रूप से प्रभावित किया। उन्होंने ग्रामीण जीवन की सादगी और सांस्कृतिक समृद्धि को करीब से महसूस किया।
ग्रामीण पर्यटन से रोजगार के अवसरों को बढ़ावा
लाड़पुरा खास में डेलीगेट्स को ग्रामीण पर्यटन के ऐसे मॉडल से परिचित कराया गया, जिसके माध्यम से स्थानीय समुदाय को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं। ग्रामीण होमस्टे के जरिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, खानपान, परंपराओं और जीवनशैली का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराने की पहल के बारे में भी जानकारी दी गई।
डेलीगेट्स ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियों की सराहना करते हुए इन्हें स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट में शामिल प्रतिनिधियों का यह भ्रमण ओरछा की ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को समझने का अवसर बना। इससे क्षेत्र की विरासत, बुंदेली संस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली को पर्यटन के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाएं भी सामने आईं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक नितिन कटारे, प्रबंधक गिरीश मौर्य, एफओए गर्वित शर्मा, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविंद्र शर्मा एवं टूर मैनेजर अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

