

निवाड़ी। दशहरा पर्व पर भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के प्रतीक स्वरूप रावण दहन की परंपरा निभाई जाती है। इसी क्रम में निवाड़ी नगर में सामाजिक संस्था समर्पण एक सेवाभाव द्वारा इस वर्ष भी 51 फीट के विशालकाय रावण के दहन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम 21 अक्टूबर को स्टेडियम ग्राउंड (बड़ी फील्ड) में आयोजित होगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. रोहिन राय ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार विशाल रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दशहरा पर्व के एक दिन बाद 21 अक्टूबर को शाम 6 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दिल्ली के कलाकार बना रहे 51 फीट का रावण
डॉ. राय ने बताया कि इस वर्ष रावण के पुतले का निर्माण दिल्ली के कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। पुतले की कुल ऊंचाई 51 फीट होगी। इसमें रावण का सिर लगभग 11 फीट, पैर करीब 15 फीट और मध्य शरीर लगभग 25 फीट का रहेगा। विशालकाय पुतले का दहन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आतिशबाजी से सजेगी शाम
रावण दहन कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा आतिशबाजी का नजारा भी देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि नगरवासियों और क्षेत्र से आने वाले लोगों को उत्सव का आनंद मिल सके।
डॉ. रोहिन राय ने नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए सभी को 21 अक्टूबर को शाम 6 बजे स्टेडियम ग्राउंड स्थित बड़ी फील्ड पर पहुंचने के लिए आमंत्रित किया है।

