राधापुर के होमस्टे में फरीदाबाद के 96 विद्यार्थियों ने जाना बुंदेली संस्कृति का महत्व

राधापुर के होमस्टे में फरीदाबाद के 96 विद्यार्थियों ने जाना बुंदेली संस्कृति का महत्व
जैविक खेती, पशुपालन और ग्रामीण जीवनशैली से हुए रूबरू, स्थानीय परिवारों के साथ बिताया समय

ओरछा। बुंदेलखंड की ग्रामीण संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक परिवेश से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा विशेष शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसके तहत फरीदाबाद स्थित शिव नादर स्कूल के 96 विद्यार्थी ओरछा के समीप ग्राम राधापुर पहुंचे। यहां विद्यार्थियों ने होमस्टे में ठहरकर ग्रामीण जीवनशैली का अनुभव किया और जैविक खेती, सब्जी उत्पादन, पशुपालन तथा बुंदेली संस्कृति के महत्व को करीब से जाना।
विद्यार्थियों ने गांव के खेतों में पहुंचकर जैविक फसलों और सब्जियों के उत्पादन की प्रक्रिया को समझा। इसके साथ ही गौशाला का भ्रमण कर ग्रामीण जीवन में पशुपालन की भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने स्थानीय परिवारों के साथ समय बिताया और पारंपरिक खानपान, ग्रामीण परंपराओं तथा गांव की मेहमाननवाजी का अनुभव किया। होमस्टे में तैयार स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ उन्होंने ग्रामीण परिवेश में आयोजित विभिन्न पारंपरिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में भी भाग लिया।
ग्रामीण पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल की ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत हरितिका ऑर्गनाइजेशन की निगरानी में विकसित पर्यटक ग्राम राधापुर में वर्तमान में 12 होमस्टे संचालित हैं। इन्हीं होमस्टे में विद्यार्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान हरितिका ऑर्गनाइजेशन के टीम लीडर मनोज नायक ने विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवनशैली, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
ग्रामीण जीवन को समझने का मिला अवसर
इस अवसर पर हेरिटेज फाउंडेशन के उपाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को ग्रामीण जीवन से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रम उन्हें ग्रामीण समुदाय, उनकी जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। हेरिटेज फाउंडेशन ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने की दिशा में समर्पित है। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है।