
निवाड़ी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत उचित मूल्य दुकानों से राशन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को खाद्य विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सपना सेन ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे राशन प्राप्त करते समय ही ई-पॉस मशीन पर अपना अंगूठा या फिंगरप्रिंट दें और पात्रतानुसार निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
खाद्य विभाग के अनुसार, हितग्राही राशन लेने से पहले किसी भी व्यक्ति अथवा उचित मूल्य दुकान विक्रेता के कहने पर अग्रिम रूप से फिंगरप्रिंट न दें। बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया राशन प्राप्त करते समय ही पूरी करें, ताकि वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
विभाग ने बताया कि बिना राशन प्राप्त किए फिंगरप्रिंट देने पर रिकॉर्ड में खाद्यान्न वितरण दर्ज हो सकता है। ऐसी स्थिति में हितग्राहियों को भविष्य में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए राशन प्राप्त करने के बाद उसकी मात्रा की जांच अवश्य करें और सुनिश्चित करें कि उन्हें पात्रतानुसार पूरा खाद्यान्न मिला है।
अनियमितता होने पर करें शिकायत
जिला आपूर्ति अधिकारी ने कहा कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता होने या निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न नहीं मिलने पर संबंधित सहायक अथवा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी या खाद्य विभाग के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं। विभाग ने हितग्राहियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और राशन वितरण प्रक्रिया में सतर्कता बरतने की अपील की है।

