

निवाड़ी। जिले के निवाड़ी नगर की चित्रांश कॉलोनी निवासी ऋषि राज पाण्डेय ने संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर से स्नातक संगीत संकाय में यह उपलब्धि प्राप्त कर उन्होंने अपने परिवार सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
ऋषि राज पाण्डेय वन विभाग से सेवानिवृत्त सत्य प्रकाश पाण्डेय के पुत्र हैं। उन्होंने संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
ऋषि राज की सफलता पर परिजनों, मित्रों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अपनी उपलब्धि का श्रेय ऋषि राज ने अपने गुरुजनों और परिवार को दिया है। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

