रेल ओवरब्रिज का निर्माण छह माह से बंद, हादसे को न्योता दे रही लापरवाही

रेल ओवरब्रिज का निर्माण छह माह से बंद, हादसे को न्योता दे रही लापरवाही
रेलवे फाटक बंद होने पर भी नहीं रुक रहे दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे भी जान जोखिम में डालकर पार कर रहे पटरी

निवाड़ी। झांसी-मानिकपुर रेल लाइन पर निवाड़ी रेलवे स्टेशन के समीप निवाड़ी-पृथ्वीपुर मार्ग पर बन रहा रेल ओवरब्रिज स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। करीब दो वर्ष पहले शुरू हुआ निर्माण कार्य पिछले छह माह से बंद पड़ा है। इसके चलते एक ओर सड़क पर उड़ती धूल से लोग परेशान हैं, तो दूसरी ओर रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों का पटरी पार करना हादसों को न्योता दे रहा है।
रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब एक दर्जन यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का भी आवागमन होता है। ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कई दोपहिया वाहन चालक फाटक के नीचे से निकलकर पटरी पार करते दिखाई देते हैं। पैदल यात्री भी जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस खतरनाक स्थिति पर रोक लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
कई बार लंबे समय तक बंद रहता है फाटक
स्थानीय लोगों के अनुसार, कभी-कभी एक के बाद एक दो ट्रेनें आने के कारण रेलवे फाटक काफी देर तक बंद रहता है। ऐसे में चारपहिया और बड़े वाहन चालक ट्रेन के गुजरने का इंतजार करते हैं, लेकिन कुछ दोपहिया वाहन चालक जल्दबाजी में फाटक के नीचे से निकलने का जोखिम उठाते हैं। इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल
रेलवे ट्रैक के एक ओर नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 में प्राथमिक विद्यालय स्थित है, जबकि दूसरी ओर ग्राम चुरारा में माध्यमिक विद्यालय है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र के स्कूली बच्चों को भी स्कूल आने-जाने के लिए रेलवे पटरी पार करनी पड़ती है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान बच्चों का इस तरह पटरी पार करना उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
जाम से राहत के लिए शुरू हुआ था निर्माण
निवाड़ी रेलवे स्टेशन के समीप निवाड़ी-पृथ्वीपुर मार्ग पर रेलवे फाटक के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से रेल ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया था। हालांकि, निर्माण कार्य लंबे समय से बंद होने के कारण लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल से आसपास के रहवासी और वाहन चालक भी परेशान हैं।
ओवरब्रिज निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग
स्थानीय निवासियों ने रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराकर पूरा कराने की मांग की है। साथ ही वार्ड क्रमांक 14 स्थित प्राथमिक विद्यालय का माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन करने की मांग भी उठाई है, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिल सके। लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए, जिससे कोई अप्रिय घटना होने से पहले ही इस जोखिम को रोका जा सके।