
निवाड़ी। जिला मुख्यालय पर असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व के अवसर पर 21 अक्टूबर को 51 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। समर्पण एक सेवा भाव सामाजिक संस्था द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन शाम 7 बजे स्टेडियम ग्राउंड (बड़ी फील्ड) पर होगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन को लेकर संस्था के अध्यक्ष ऋषि गुप्ता, सचिव डॉ. प्रांशुल खरे और कार्यक्रम संयोजक डॉ. रोहिन राय ने नगर के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से योगदान दे रही है। इसके अंतर्गत शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम और हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग भी आयोजित की गई। पिछले दो वर्षों से दशहरा पर्व पर 51 फीट के रावण दहन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
गणेश वंदना से रामायण मंचन तक होंगी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में गणेश वंदना, अर्धनारीश्वर नाटक और काली माई नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर रावण वध तक की घटनाओं पर आधारित संक्षिप्त रामायण का मंचन किया जाएगा। झांसी से आने वाले पेशेवर कलाकारों के साथ स्थानीय बच्चे भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सांसद महेश केवट होंगे मुख्य अतिथि
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेश केवट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला संगठन प्रभारी दीपक सिंह भदौरिया, ओरछा स्थित राजमहल होटल के मुख्य प्रबंधक मनीष सेंगर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक मनोज जी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
परिवार के साथ शामिल होने की अपील
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रोहिन राय ने बताया कि आयोजन में क्षेत्र के लोगों को परिवार सहित आमंत्रित किया गया है। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी। संस्था ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है।

