विजयदशमी पर पुलिस ने किया शस्त्र पूजन, सुरक्षा का संकल्प दोहराया

विजयदशमी पर पुलिस ने किया शस्त्र पूजन, सुरक्षा का संकल्प दोहराया
एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया और जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना की मौजूदगी में हुआ आयोजन

निवाड़ी। विजयदशमी के पावन पर्व पर निवाड़ी पुलिस विभाग द्वारा परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों एवं पुलिस वाहनों का विधि-विधान से पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने पूजन में सहभागिता कर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। विजयदशमी के अवसर पर शस्त्रों के साथ पुलिस वाहनों का भी पूजन किया गया। शस्त्रों एवं वाहनों पर तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर जनसुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
भारतीय संस्कृति में विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य की विजय, साहस और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग में इस पर्व पर शस्त्र पूजन की परंपरा सुरक्षा, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस वाहन कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता पहुंचाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया एवं जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिसकर्मियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही आमजन की सुरक्षा, समाज में शांति बनाए रखने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे।