

निवाड़ी। नगर के ऑडिटोरियम परिसर में गुड मॉर्निंग क्लब के तत्वावधान में दशहरा मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और मिठाई व पान खिलाकर बुंदेली परंपरा के अनुसार गले मिलते हुए दशहरे की शुभकामनाएं दीं। समारोह में करीब 50 से 60 सदस्य शामिल हुए। क्लब द्वारा पहली बार सामूहिक रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में छोटे-बड़े का भेद मिटाकर आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
गुड मॉर्निंग क्लब अब नगर में केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक गतिविधियों और जनजागरण के क्षेत्र में भी अपनी भागीदारी निभा रहा है। दशहरा मिलन समारोह इसी पहल का हिस्सा रहा, जिसमें सदस्यों ने समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।
एक साल से निशुल्क योगाभ्यास, नगरवासी उठा रहे लाभ
नगर में ‘करो योग, रहो निरोग’ का संदेश आगे बढ़ाते हुए गुड मॉर्निंग क्लब पिछले करीब एक वर्ष से प्रतिदिन सुबह 5:30 से 7 बजे तक ऑडिटोरियम परिसर में निशुल्क योगाभ्यास करा रहा है। योगाचार्य राम अवतार तिवारी, मुकेश दुबे और अनुराग चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सदस्य योगासन, प्राणायाम, ध्यान और सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करते हैं।
क्लब के योगाभ्यास सत्रों में नगर के जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा संत-महात्मा भी शामिल होकर योग का लाभ ले चुके हैं। क्लब की ओर से योगाभ्यास और अन्य गतिविधियों में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। यह सुविधा सभी के लिए पूरी तरह निशुल्क है।
क्लब से जुड़े सदस्यों के अनुसार, नियमित योगाभ्यास से उन्हें वजन नियंत्रित करने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रबंधन में मदद मिली है। योग के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते नगरवासियों में भी नियमित व्यायाम के प्रति रुचि बढ़ रही है। नगर से बाहर रहने वाले परिवारों के सदस्य भी सोशल मीडिया पर योगाभ्यास के वीडियो देखकर अपने परिजनों को क्लब से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर
योगाभ्यास के साथ क्लब द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। समय-समय पर डॉ. आनंद खरे ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को आवश्यक सावधानियों के संबंध में निशुल्क परामर्श देते हैं। क्लब का उद्देश्य लोगों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक गतिविधियों में भी क्लब की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। दशहरा मिलन समारोह के माध्यम से सदस्यों ने आपसी मेलजोल बढ़ाने और सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
ये सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, विक्रम शर्मा, संजय सोनी, सनीष श्रीवास्तव, करन यादव, मनोज वर्मा, विवेक चतुर्वेदी, मानसिंह यादव, प्रेम नारायण यादव, मैथिली शरण गुप्ता, एस.एन. तिवारी, जूली गुप्ता, हृदेश द्विवेदी, रफीक लहारिया, अमित गुप्ता, अशोक राय, राजकुमार मिश्रा, हरिओम गुप्ता, कल्याण सिंह यादव, राजेश राय और चुन्नू चौबे सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

