कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर मनाया दशहरा, मोदी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर मनाया दशहरा, मोदी सरकार पर साधा निशाना

निवाड़ी। दशहरा पर्व पर रावण दहन की परंपरा के बीच निवाड़ी जिले में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों के साथ कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुतला जलाया। जिला मुख्यालय पर टैक्सी स्टैंड में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को रावण की संज्ञा देते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने रावण के अहंकार का अंत किया था, उसी प्रकार देश की जनता केंद्र की मोदी सरकार के अहंकार को समाप्त करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली से लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और आम नागरिकों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र सरकार आम जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार सड़क से लेकर संसद तक आमजन के मुद्दे उठा रहे हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
ये रहे उपस्थित
पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव, रमेश निराला, धीरेंद्र खरे, मनोज दांगी, मनोज अहिरवार, रवि दांगी सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।