

निवाड़ी। नगर में पिछले कई वर्षों से आयोजित होते आ रहे निवाड़ी महोत्सव, मटकी फोड़ और कबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन इस वर्ष नहीं होने के बीच सामाजिक संस्था समर्पण एक सेवा भाव ने लगातार तीसरे वर्ष 51 फीट के रावण दहन का भव्य आयोजन कर नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित इस समारोह में रावण दहन के साथ हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन की भव्यता, व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नगर में चारों ओर सराहना हो रही है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चाएं भी खूब होती रहीं।
रावण दहन समारोह राज्यसभा सांसद महेश केवट के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा के जिला प्रभारी दीपक सिंह भदोरिया, ओरछा के राजमहल होटल संचालक मनीष सेंगर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक मनोज सेन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भगवान श्रीराम के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजन समिति के अध्यक्ष ऋषि गुप्ता, उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सेठ, सचिव डॉ. प्रांशुल खरे और कार्यक्रम संयोजक डॉ. रोहिन राय ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि संस्था ने वर्ष 2024 में रावण दहन की शुरुआत की थी। इस वर्ष लगातार तीसरी बार स्टेडियम ग्राउंड पर 51 फीट के रावण का दहन किया गया। पहले आयोजन में रावण की ऊंचाई और तत्कालीन कलेक्टर की लंबाई को लेकर चर्चाएं हुई थीं, जबकि इस बार समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राजनीतिक सरगर्मियों के कारण चर्चा में रहा।
भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारने की जरूरत
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महेश केवट ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के चरित्र से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन से अहंकार रूपी रावण का अंत करने की आवश्यकता है। भगवान श्रीराम हमारे आराध्य होने के साथ-साथ भारत की आत्मा हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया ने कहा कि दशहरा भगवान श्रीराम की लंका पर विजय का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं, भाजपा के जिला प्रभारी दीपक सिंह भदोरिया ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि देश में अराजक ताकतें सक्रिय हैं। ऐसे में सभी को एकजुट रहकर उनका मुकाबला करने की आवश्यकता है।
श्रीराम के तीर से हुआ रावण का दहन, आतिशबाजी से जगमगाया परिसर
समिति द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं का ध्यान रखते हुए 51 फीट के रावण का दहन किया गया। भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार ने जैसे ही तीर चलाया, रावण धू-धू कर जल उठा। रावण के दहन के साथ ही आतिशबाजी की रोशनी से पूरा स्टेडियम ग्राउंड जगमगा उठा।
इस ऐतिहासिक दृश्य को देखने के लिए हजारों की संख्या में नगरवासी स्टेडियम ग्राउंड पहुंचे। लोगों ने रावण दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया। आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गैरराजनीतिक आयोजन के दावे के बीच दिखे सियासी रंग
आयोजन समिति ने कार्यक्रम को गैरराजनीतिक बताया, लेकिन समारोह में राजनीतिक रंग भी नजर आए। एक प्रमुख जनप्रतिनिधि और उनके समर्थकों की अनुपस्थिति को लेकर आयोजन स्थल पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
इस बीच कार्यक्रम संयोजक डॉ. रोहिन राय ने मंच से स्पष्ट किया कि संस्था की ओर से सभी संबंधित लोगों से संपर्क करने का प्रयास किया गया था। जिनसे संपर्क हो सका, उन्हें अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने बताया कि मार्गदर्शक मंडल से मिले सुझावों के आधार पर इस वर्ष आयोजन की व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों में सुधार किया गया है। साथ ही, अगले वर्ष गरबा उत्सव आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है।
गणेश वंदना से श्रीराम-रावण युद्ध तक का जीवंत मंचन
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद कलाकारों ने अर्धनारीश्वर नृत्य की प्रस्तुति दी। भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर रावण वध तक की घटनाओं का मंच पर सजीव चित्रण किया गया।
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नगरवासियों ने सराहना की। आयोजन की गरिमा के अनुरूप प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान 51 फीट के रावण का निर्माण करने वाले परिवार तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बाल कलाकारों को मंचासीन अतिथियों ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी अशोक सेन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह, नगर परिषद पृथ्वीपुर की अध्यक्ष नीलू केशव खटीक, एडवोकेट ओपी खरे और दिशा समिति के सदस्य आरपी दुबे सहित हजारों की संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. रोहिन राय ने किया।

