
नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई शपथ, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लोगों को मिला परामर्श

निवाड़ी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ओरछा तहसील की ग्राम पंचायत रामनगर में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं, तीन युवाओं को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में अपेक्स बैंक, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीएम अशोक कुमार सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती का पूजन कर किया।
सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।
आवेदनों के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश
शिविर में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे आवेदकों से चर्चा की। जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका निराकरण कराया गया। वहीं, जांच अथवा विभागीय कार्रवाई से जुड़े आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उद्यम संवाद के अंतर्गत जिले के प्रगतिशील उद्यमियों से भी चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने उद्यमियों से उनके उद्योगों की गतिविधियों, कार्यों एवं विकास की संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना प्राथमिकता
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति से लोगों को एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन की सुविधा और समस्याओं के निराकरण में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा आमजन की समस्याओं का समय पर निराकरण हो, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने स्वच्छ भारत अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं के माध्यम से गरीब, पिछड़े एवं जरूरतमंद परिवारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को चयनित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में शिविर लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की।
हितलाभ वितरण के साथ दिलाई नशामुक्ति की शपथ
शिविर के दौरान प्रभारी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर तीन युवाओं को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य परीक्षण कर दी गई योजनाओं की जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया, जिसमें पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।

