उरदौरा में 30 अक्टूबर को सजेगी भक्ति की महफिल, मानस सम्मेलन में जुटेंगे देशभर के संत

उरदौरा में 30 अक्टूबर को सजेगी भक्ति की महफिल, मानस सम्मेलन में जुटेंगे देशभर के संत

निवाड़ी। जिले की ग्राम पंचायत उरदौरा में 30 अक्टूबर को भव्य मानस सम्मेलन एवं विशाल संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। निवाड़ी मंडी के पूर्व अध्यक्ष एवं किसानों के हितैषी स्व. श्यामलाल रिछारिया और दादी जी की स्मृति में पिछले 23 वर्षों से आयोजित हो रहे इस धार्मिक आयोजन में इस बार भी देशभर के संत-महात्मा, धर्माचार्य और प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी, अयोध्या के पूज्य राजू दास जी महाराज सहित अनेक संतों का सानिध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
आयोजक योगेश रिछारिया ने बताया कि उनके परिवार में लंबे समय से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जा रहा है। परिवार में 18 पुराणों का वाचन, प्रत्येक शनिवार को सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या जैसे धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने और स्व. श्यामलाल रिछारिया की स्मृतियों को संजोए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष मानस सम्मेलन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाता है।
संत-महात्माओं के सानिध्य में होगा मानस सम्मेलन
कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी, अयोध्या के पूज्य राजू दास जी महाराज, श्री गंगा दास जी महाराज, अनिरुद्ध दास जी (ओरछा सुरभि गौशाला), राधेश्याम दास जी महाराज, बहन भक्ति प्रभा जी, रामजीवन पास्तोर जी, महंत गुरु प्रसाद जी, पं. नितिन शर्मा (ग्वालियर) और पूज्य रमाकांत व्यास जी सहित देशभर के संत-महात्मा एवं धर्माचार्य शामिल होंगे। इस दौरान पं. नितिन शर्मा द्वारा सुंदरकांड का वाचन किया जाएगा। रामचरितमानस के प्रसंगों और प्रभु श्रीराम की महिमा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और आध्यात्मिकता का संदेश दिया जाएगा।
भजन कलाकारों की प्रस्तुतियों से गूंजेगी भजन संध्या
मानस सम्मेलन के पश्चात रात्रि में विशाल संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें भोपाल के गंगेले ब्रदर्स, दमोह के अंकित पांडेय एवं रविन्द्र वासुदेव (श्याम नगीना फेम), वृंदावन के मुकुल द्विवेदी, धन्वंतरि दास जी महाराज, गोविंदा शर्मा और नवीन हाड़ा सहित अनेक प्रसिद्ध कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा विदिशा-भोपाल के पवन तिवारी एवं निलेश तिवारी, विरधा (ललितपुर) के चन्द्रभूषण पाठक, छतरपुर के जयप्रकाश पटेरिया, खनिज देव चौहान एवं कविता शर्मा, टहरौली के कैलाश महरौलिया, सागर के अरविंद सिंह एवं ऋषि विश्वकर्मा, जालौन के सीतू सिंह, शिवपुरी के राधेश्याम नगर और कटनी के अमित ध्रुवे सहित अन्य कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
धर्मप्रेमियों से शामिल होने की अपील
आयोजक रिछारिया परिवार एवं ग्राम उरदौरा के निवासियों ने धर्मप्रेमी जनता, किसान भाइयों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त करने और संगीतमय भजन संध्या में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।