निवाड़ी जिले में 27 हजार से अधिक नव-साक्षरों ने दी साक्षरता परीक्षा, केंद्रों पर हुआ आत्मीय स्वागत

निवाड़ी जिले में 27 हजार से अधिक नव-साक्षरों ने दी साक्षरता परीक्षा, केंद्रों पर हुआ आत्मीय स्वागत
540 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुआ मूल्यांकन, अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निवाड़ी। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को निवाड़ी जिले में साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा उत्साहपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जिले के निवाड़ी और पृथ्वीपुर विकासखंडों में बनाए गए 540 परीक्षा केंद्रों पर कुल 27,448 नव-साक्षरों का पंजीयन किया गया था। परीक्षा में नव-साक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी पढ़ने, लिखने और गणना करने की क्षमता का मूल्यांकन कराया।
राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित परीक्षा कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहन सक्सेना के निर्देशन में संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीवन लाल श्रीवास्तव एवं जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार पटेरिया के मार्गदर्शन में परीक्षा की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
540 केंद्रों पर 27,448 नव-साक्षर पंजीकृत
जिले में साक्षरता परीक्षा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। निवाड़ी विकासखंड में 228 परीक्षा केंद्रों पर 12,730 नव-साक्षरों का पंजीयन हुआ, जबकि पृथ्वीपुर विकासखंड में 312 केंद्रों पर 14,718 नव-साक्षर पंजीकृत किए गए। इस प्रकार दोनों विकासखंडों में कुल 540 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9 बजे तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। इस दौरान नव-साक्षरों ने अपनी सुविधानुसार केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा में सहभागिता की।
फूल-माला और तिलक लगाकर किया स्वागत
साक्षरता परीक्षा को नव-साक्षरों के लिए उत्साहवर्धक और आनंददायी बनाने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर, फूल-मालाएं पहनाकर और रोली का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
परीक्षार्थियों के बैठने के लिए समुचित व्यवस्था करने के साथ ही शुद्ध पेयजल और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया। परीक्षा के दौरान नव-साक्षरों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परीक्षा के सफल संचालन में संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
परीक्षा को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलेभर में निरीक्षण किया गया। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार पटेरिया एवं जिला सह समन्वयक साक्षरता श्री हरीश बाजपेई ने निवाड़ी और पृथ्वीपुर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विकासखंड सह समन्वयक साक्षरता श्री राघवेंद्र मिश्रा ने निवाड़ी तथा श्री महेश बिरथरे ने पृथ्वीपुर विकासखंड के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला परियोजना समन्वयक, समस्त बीआरसी, बीएसी, जनशिक्षक एवं संकुल सह समन्वयक साक्षरता ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा के सुचारु संचालन में सहयोग दिया।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन, पोर्टल पर दर्ज होंगे परिणाम
परीक्षा संपन्न होने के बाद शिक्षकों द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही परीक्षा परिणामों की ऑनलाइन पोर्टल पर प्रविष्टि की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि मूल्यांकन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। इसके माध्यम से नव-साक्षरों को पढ़ने-लिखने के साथ दैनिक जीवन में गणना करने की क्षमता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।