
निवाड़ी। जिले के होनहार एथलीट अंश यादव ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में उनका चयन हुआ है। अंश के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे निवाड़ी जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
अंश यादव ने छतरपुर में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 800 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
मिनी स्टेडियम में प्राप्त कर रहे नियमित प्रशिक्षण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकासखंड समन्वयक मनीष सोनी ने बताया कि विकासखंड निवाड़ी के खिलाड़ियों का विभिन्न खेलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हो रहा है। अंश यादव भी नियमित अभ्यास, मेहनत और लगन के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
अंश यादव ने बताया कि वे खेल विभाग के मिनी स्टेडियम मैदान में मनीष सोनी के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें खेल की बारीकियों और बेहतर प्रदर्शन करने के तरीकों की जानकारी दी जाती है।
ब्लॉक समन्वयक मनीष सोनी ने अंश की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर निवाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे। अंश के चयन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह है।

