
निवाड़ी। ओरछा स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री रामराजा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था शुरू की गई है। अब श्रद्धालु मंदिर में भारत QR (BQR) के माध्यम से UPI, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और NFC आधारित कॉन्टैक्टलेस पेमेंट कर सकेंगे। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित इंटीग्रेटेड टेम्पल मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के साथ SBI Payments की POS मशीनों का सफलतापूर्वक एकीकरण किया गया है। Mosambee द्वारा उपलब्ध कराई गई इन मशीनों से भुगतान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
डिजिटल होगी रामराजा लोक की किराया व्यवस्था
मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाओं को तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने के लिए ITMS 2.0 के तहत विभिन्न सुविधाओं का चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में रामराजा लोक के नवनिर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों की किराया व्यवस्था को भी डिजिटल बनाया जा रहा है। इसके लिए सॉफ्टवेयर के माध्यम से किराये के बिल तैयार करने और किराये की राशि जमा करने की सुविधा विकसित की जा रही है।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश पाठक ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए रेंटल मॉड्यूल तैयार करने का काम जारी है। इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लागू होने से दुकानों के किराये की बिलिंग और भुगतान संबंधी कार्य व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से किए जा सकेंगे।
चरणबद्ध तरीके से लागू हो रहीं डिजिटल सुविधाएं
अविनाश पाठक ने बताया कि ITMS 2.0 के अंतर्गत विभिन्न सुविधाओं और मॉड्यूल को अलग-अलग चरणों में लागू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मंदिर में पहले से संचालित सेवाओं को बिना बाधा जारी रखते हुए नई डिजिटल सुविधाओं को सुचारु रूप से शुरू करना है।
डिजिटल भुगतान व्यवस्था शुरू होने से श्रद्धालुओं को भुगतान के लिए कई विकल्प मिलेंगे। वहीं, रामराजा लोक के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की किराया व्यवस्था भी डिजिटल होने से मंदिर प्रबंधन से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ने की उम्मीद है।

