
निवाड़ी। शासकीय पीएम श्री उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी के स्वामी विवेकानंद हॉल में मंगलवार, 27 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में जिले के युवाओं ने कविता लेखन, चित्रकला, लोकगायन, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी डॉ. अमित वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नसीम खान, राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ऊषा त्रिपाठी, शासकीय महाविद्यालय ओरछा की प्राचार्य डॉ. पायल लिल्हारे तथा वीर भूमि महिला एवं बाल कल्याण समिति की संस्थापक डॉ. संगीता राय शामिल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया तथा निर्णायक मंडल के सदस्यों का सम्मान किया गया।
युवा उत्सव प्रतिभाओं को निखारने का मंच : डॉ. वर्मा
मुख्य अतिथि डॉ. अमित वर्मा ने कहा कि युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ क्षेत्रीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। लोकगायन और लोकनृत्य जैसी विधाएं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। नशामुक्ति से जुड़ी गतिविधियां युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में भी सहायक हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
इन प्रतिभागियों ने हासिल किया पहला स्थान
जिला स्तरीय युवा उत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। कविता लेखन में प्रिंसी कुशवाहा ने प्रथम, रोहित रजक ने द्वितीय और अंशुल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में निशा शर्मा प्रथम, प्रवेश कुशवाहा द्वितीय और किरन केवट तृतीय स्थान पर रहीं।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में साहिल झा एवं उनके समूह ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूह लोकगायन में मोक्ष रजक प्रथम रहे, जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, निवाड़ी की प्रिंसी कुशवाहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समूह लोकनृत्य में ओरछा की माही अहिरवार एवं उनके समूह ने प्रथम तथा निवाड़ी के नमन ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी सागर संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
निर्णायक मंडल और आयोजन समिति का रहा योगदान
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए विभिन्न विधाओं में निर्णायक मंडल गठित किया गया था। इसमें अंजनी कुमार चतुर्वेदी, डॉ. नीलम सिंह, डॉ. प्रेम कुमारी कटियार, डॉ. जितेंद्र आरोलिया, डॉ. संतोष रजक, डॉ. महेश कुमार अहिरवार, डॉ. वीरेंद्र खरे, डॉ. प्रदीप अवस्थी, डॉ. दीप्ति त्रिपाठी सहित शिक्षक एवं अन्य विशेषज्ञों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला समन्वयक मनीष सोनी, प्रियंक खरे, ज्योति परमार, निशा बेस, पवन गुप्ता, शुभम शर्मा सहित आयोजन समिति के सदस्यों का योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेंद्र वर्मा ने किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय युवा कलाकारों ने भाग लिया। आयोजन ने युवाओं को अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने के साथ लोककला से जुड़ने और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का अवसर प्रदान किया।

