लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें कार्रवाई: कलेक्टर जमुना भिड़े

लंबित शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में करें कार्रवाई: कलेक्टर जमुना भिड़े
स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन और जन विश्वास अभियान की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

निवाड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में समय-सीमा (टीएल) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करें और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्राम स्तर पर आयोजित शिविरों की प्रगति, कार्यप्रणाली और प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम भ्रमण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीणों को योजना का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
जन विश्वास अभियान के आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राजस्व सहित विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की स्थिति जानी। उन्होंने खाद्यान्न वितरण, उचित मूल्य दुकानों पर राशन की उपलब्धता तथा गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने के लिए कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित आवेदकों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
जनसुनवाई के आवेदनों का प्राथमिकता से करें निराकरण
बैठक में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निराकरण में आने वाली बाधाओं को दूर करें। प्रत्येक मामले में जवाबदेही तय करते हुए समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कृषि आधारित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के आयोजन तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ श्री मनोज कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना, अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लीना जैन, सुश्री स्वाति सिंह, सुश्री मनीषा जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।