


निवाड़ी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने निवाड़ी के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने श्री जी मार्ट से पतंजलि ब्रांड के घी का नमूना लिया, जबकि शिव जी स्वीट्स से मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाले मावा का सैंपल संग्रहित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया और संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान
दीपावली के दौरान मिठाइयों, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाना है।

