

निवाड़ी। जिला चिकित्सालय निवाड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की पहल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अनिल झामनानी के प्रयासों से अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू हो गई हैं। इससे जिले के मरीजों को अब हड्डियों और जोड़ों से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे जिलों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी।
जिला चिकित्सालय में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मयंक ने कार्यभार संभालते ही मरीजों का उपचार शुरू कर दिया। सेवा के पहले ही दिन फ्रैक्चर से पीड़ित एक बुजुर्ग मरीज का डॉ. मयंक और चिकित्सा टीम ने सफलतापूर्वक प्लास्टर किया। इससे अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ की सेवाओं की शुरुआत भी हुई और मरीज को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिली।
स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा हड्डी और जोड़ों का इलाज
जिला चिकित्सालय में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ की नियुक्ति से हड्डियों में फ्रैक्चर, जोड़ों में दर्द और अन्य अस्थि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को राहत मिलेगी। अब उन्हें विशेषज्ञ से परामर्श और उपचार के लिए दूसरे जिलों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय और आर्थिक खर्च भी बचेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
सीएमएचओ डॉ. अनिल झामनानी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित किसी भी समस्या के होने पर जिला चिकित्सालय निवाड़ी पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें और उपचार कराएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जिले के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को निवाड़ी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अस्थि रोग विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू होने से जिले के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

