23 नवंबर को निवाड़ी पहुंचेगी दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा

23 नवंबर को निवाड़ी पहुंचेगी दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा
ओरछा में होगा भव्य स्वागत, बेतवा नदी के कंचना घाट पर होगा पार्थिव शिवलिंग निर्माण; कांग्रेसियों ने शुरू की तैयारियां

निवाड़ी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान पदयात्रा 23 नवंबर को निवाड़ी जिले में प्रवेश करेगी। उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही इस पदयात्रा के जिले में आगमन को लेकर कांग्रेसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा का ओरछा में स्वागत किया जाएगा, जहां बेतवा नदी के किनारे कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।
भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन से 20 अक्टूबर को शुरू हुई यह पदयात्रा लगभग 950 किलोमीटर की दूरी तय कर अयोध्या पहुंचेगी। मंदिर में चढ़ावा चोरी और देश में वोट चोरी के मुद्दे के विरोध में निकाली जा रही इस यात्रा को गैर राजनीतिक बताया गया है। यात्रा के निवाड़ी जिले में दो से तीन दिन तक विभिन्न क्षेत्रों से गुजरने की संभावना है।
कांग्रेसियों ने संभाली तैयारियों की जिम्मेदारी
पदयात्रा के आगमन को लेकर कांग्रेस नेताओं ने ओरछा में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपीं। तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक एवं निरीक्षण के दौरान टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह, श्रीमती चंदा रानी गौर, दतिया विधायक घनश्याम सिंह, जिला पंचायत सदस्य अमित राय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश यादव, नवीन साहू, पंकज अहिरवार, टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, कमलेश वर्मा, जिला संगठन महासचिव संतोष शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जेरोन से प्रवेश, ओरछा में होगा रात्रि विश्राम
कांग्रेस नेता अमित राय ने बताया कि 23 नवंबर को पदयात्रा ललितपुर जिले के पूराकलां से निवाड़ी जिले के जेरोन में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा का रात्रि विश्राम सिमरा गांव में होगा। 24 नवंबर को विभिन्न गांवों से गुजरते हुए पदयात्रा पनिहारी पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।
25 नवंबर की सुबह पदयात्रा भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा पहुंचेगी। यहां बेतवा नदी के किनारे कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इसके बाद यात्रा का रात्रि विश्राम ओरछा में होगा।
26 नवंबर को अयोध्या के लिए होगी रवाना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर की सुबह पदयात्रा ओरछा से आगे के लिए रवाना होगी। दोपहर का भोजन ओरछा तिगैला स्थित अमित राय के निवास पर होगा। इसके बाद यात्रा बड़ागांव होते हुए अयोध्या की ओर प्रस्थान करेगी।
यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक नितेंद्र सिंह राठौर तथा निवाड़ी विधानसभा क्षेत्र और ओरछा में कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी अमित राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा के जिले में आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां की जा रही हैं।