स्थापना दिवस समारोह में किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी का पुरस्कार, स्वतंत्रता सेनानियों का भी हुआ सम्मान

स्थापना दिवस समारोह में किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी का पुरस्कार, स्वतंत्रता सेनानियों का भी हुआ सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, विधायक अनिल जैन ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को 3-3 हजार रुपये देने की घोषणा की

निवाड़ी। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला स्तरीय समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि निवाड़ी विधायक अनिल जैन ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना एवं अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद मौजूद रहे।
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदेश दिए। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। विधायक अनिल जैन ने कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी एवं प्रतिभागी को 3 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत पर जताया गर्व
अपने संबोधन में विधायक अनिल जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं वाला प्रदेश है। देश के हृदय स्थल में स्थित होने के कारण इसे हृदय प्रदेश कहा जाता है। प्रदेश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेश, उद्योग, कृषि, शिक्षा, रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश की विरासत को सहेजने और विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया ने भी जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा के लिए देशभर में अलग पहचान रखता है। प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित कृषि विकास प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राजेंद्र कुमार कुशवाहा को अधिकतम 7 लाख 26 हजार रुपये कीमत का ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले पुष्पेंद्र यादव को अधिकतम 1 लाख 68 हजार रुपये कीमत की 350 सीसी बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रेमवती कुशवाहा को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की ई-स्कूटी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। पुरस्कार राशि संबंधित किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी विभाग ने आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई। इसमें सीड ड्रिल, ग्राउंडनट डिगर, सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर और पावर वीडर सहित विभिन्न उपकरणों का प्रदर्शन कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी दी गई।
स्व सहायता समूहों और हितग्राहियों को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। न्यू मिलेनियम स्व सहायता समूह की मीना कोरी और सितारा देवी को अमृत 2.0 योजना के तहत वार्डों में करीब एक हजार जल गुणवत्ता परीक्षण करने पर सम्मानित किया गया। हेमकुंवर अहिरवार सरस्वती स्व सहायता समूह को पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत फूड प्रोसेसिंग में उत्कृष्ट कार्य तथा सुमन अहिरवार राधा स्वामी स्व सहायता समूह को बर्तन प्रदर्शनी में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
वहीं रामदेवी अहिरवार और जान मोहम्मद को पीएम स्वनिधि योजना के तहत 50-50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष निरंजना जैन, नगर परिषद अध्यक्ष गुलाब अहिरवार, उपाध्यक्ष सत्यदेव तिवारी, नंदकिशोर नापित, विवेक सिंह तोमर, मंगेश रमपुरया, आकाश अग्रवाल, प्रमोद केवट सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुकृति एवं शिक्षक राजेंद्र तिवारी ने किया। अंत में एसडीएम अशोक कुमार सेन ने आभार व्यक्त किया।