
निवाड़ी। दीपावली पर्व पर पटाखों के सुरक्षित विक्रय और आमजन की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटाखा दुकानों के संचालन, भंडारण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने निवाड़ी नगर में लाइसेंसी पटाखा दुकानों के लिए शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के सामने स्थित ग्राउंड निर्धारित किया है। सभी लाइसेंसधारी दुकानदारों को इसी स्थान पर दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित स्थल के अलावा अन्य स्थानों पर पटाखों की दुकानें संचालित नहीं की जा सकेंगी।
पटाखा दुकानों में टीन शेड लगाना अनिवार्य
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पटाखा दुकानें टीन शेड में ही स्थापित की जाएंगी। दुकानों के लिए कपड़े या टेंट का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानों में आगजनी की आशंका को देखते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्बाइड गन की बिक्री और उपयोग पर सख्ती
बैठक में कार्बाइड गन से होने वाले संभावित खतरों को देखते हुए इसके उपयोग और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जिले में निगरानी बढ़ाने और प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा मानकों का पालन कराने की जिम्मेदारी अधिकारियों की
बैठक में आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण, विक्रय और उपयोग से संबंधित शासन के सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी देते हुए लाइसेंसधारी दुकानदारों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही पटाखों का विक्रय करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ध्वनि एवं प्रदूषण मानकों, आतिशबाजी के उपयोग के निर्धारित समय और प्रतिबंधित पटाखों से जुड़े नियमों का पालन कराने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराई जाएं।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद, एसडीओपी निवाड़ी श्री केके पाण्डे सहित संबंधित अधिकारी एवं पटाखा दुकान संचालक उपस्थित रहे।

