
निवाड़ी। जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और नए उद्योगों की स्थापना के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा औद्योगिक क्षेत्र जेर में रिक्त भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए विभाग ने इच्छुक उद्यमियों से 15 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए हैं।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक आवेदक 1 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 15 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट mpmsme.gov.in निर्धारित की गई है।
प्रत्येक भूखंड के लिए 5 हजार रुपये आवेदन शुल्क
भूखंड आवंटन के लिए प्रत्येक भूखंड पर 5 हजार रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। यह राशि वापस नहीं की जाएगी। इसके अलावा आवेदक को संबंधित भूखंड की प्रचलित प्रब्याजी (प्रीमियम) की 25 प्रतिशत अग्रिम राशि भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा करनी होगी।
2025 के नियमों के तहत होगा आवंटन
महाप्रबंधक ने बताया कि औद्योगिक भूखंडों का आवंटन मध्यप्रदेश एमएसएमई औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम, 2025 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। पूर्व में आरक्षित श्रेणी के भूखंडों के लिए एक वर्ष तक पात्र आवेदन प्राप्त नहीं होने के कारण नियमानुसार उन्हें अनारक्षित श्रेणी में परिवर्तित कर दिया गया है।
इच्छुक उद्यमी आवेदन प्रक्रिया, भूखंड आवंटन के नियमों एवं अन्य आवश्यक जानकारियों के लिए विभागीय पोर्टल mpmsme.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

