

निवाड़ी। जिला स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से की गई भर्तियों में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और नियम विरुद्ध नियुक्तियों को लेकर उठी शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। कलेक्टर के निर्देश पर जांच समिति का पुनर्गठन करते हुए अपर कलेक्टर निवाड़ी ने संशोधित आदेश जारी किया है। नवगठित समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्राप्त ज्ञापनों में स्वास्थ्य विभाग की आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और नियमों को दरकिनार कर पदस्थापनाएं किए जाने के आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व में जारी आदेश क्रमांक 356 दिनांक 19 नवंबर 2026 में आंशिक संशोधन कर आदेश क्रमांक 358 के तहत नई जांच समिति गठित की गई है।
पुनर्गठित समिति में डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा जैन को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी उन्मेष श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन विभाग नितेश जैन तथा जिला पंचायत के प्रभारी लेखा अधिकारी भगवान दास आदिवासी को सदस्य नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार समिति आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से की गई नियुक्तियों से संबंधित शिकायतों के सभी बिंदुओं की जांच करेगी। इसमें भर्ती प्रक्रिया, नियुक्तियों और पदस्थापनाओं का शासन के निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार परीक्षण किया जाएगा।
समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि स्वास्थ्य विभाग की आउटसोर्स भर्तियों में लगाए गए भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों में कितनी सच्चाई है तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।

